हिमाचल में मानसून ने मचाई तबाही: 24 घंटे में पूरे राज्य में पहुंचा, वीडियो में देंखे भूस्खलन में महिला की मौत, स्कूलों में घुसा पानी
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने बेहद तेज रफ्तार से दस्तक दी है और मात्र 24 घंटे के भीतर पूरे राज्य को कवर कर लिया है। बीते दिन जहां छह जिलों में मानसून की एंट्री हुई थी, वहीं अब यह पूरे राज्य में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसून की शुरुआत के साथ ही कई जगहों पर नुकसान की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं।
मंडी में भूस्खलन से महिला की मौत
मंडी जिले के ओट क्षेत्र में शनिवार सुबह शनि मंदिर के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नालागढ़ की यह महिला अपने बच्चे को टॉयलेट कराने के लिए गाड़ी से बाहर उतरी थी, तभी अचानक ऊपर से पत्थर गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गई।
ऊना में स्कूलों में घुसा पानी
उधर, ऊना जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर बहडाला स्थित एक स्कूल में बारिश का पानी भर गया। गर्मी की छुट्टियों के बाद आज जब छात्र पहली बार स्कूल पहुंचे, तो कई क्लासरूम पानी से भरे हुए मिले, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई।
ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा, अलर्ट जारी
मंडी में लगातार बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने एहतियातन लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।