हिमाचल में मानसून ने पूरे प्रदेश को किया कवर, वीडियो में जाने भारी बारिश का अलर्ट; मंडी में चट्टान गिरने से महिला की मौत
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों के भीतर मानसून ने पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया है। मंगलवार को जहां छह जिलों में मानसून ने दस्तक दी थी, वहीं अब पूरा प्रदेश मानसूनी बारिश के दायरे में आ चुका है। इसके साथ ही कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
मंडी में पहाड़ी से पत्थर गिरने से महिला की मौत
मानसून की शुरुआत के साथ ही हादसों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। मंडी जिले के ओट क्षेत्र में बुधवार सुबह शनि मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक महिला की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, महिला नालागढ़ की रहने वाली थी और अपने बच्चे को टॉयलेट कराने के लिए वाहन से नीचे उतरी थी। इसी दौरान पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरा, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ऊना में स्कूल के कमरों में भरा पानी
लगातार बारिश के कारण ऊना जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर बहडाला स्थित एक स्कूल के अधिकांश कक्षाओं में पानी भर गया। गौरतलब है कि गर्मी की छुट्टियों के बाद बुधवार को पहली बार स्कूल खुले थे, लेकिन पहले ही दिन विद्यार्थियों और शिक्षकों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
मंडी जिले में लगातार बारिश के चलते ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के बढ़ते बहाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के किनारे न जाने की अपील की है। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अगले कुछ दिन रहेंगे चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं और लोगों से खराब मौसम के दौरान यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।