×

किन्नौर में डंपर गुजरते ही टूटा बैली ब्रिज, CCTV में कैद हुआ हादसा

 

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उरनी क्षेत्र में स्थित एक बैली ब्रिज अचानक टूट गया, जिससे उस पर से गुजर रहा एक डंपर नीचे जा गिरा। हादसे में डंपर चालक को मामूली चोटें आई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें पुल टूटने का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया है।

पुल से गुजरते ही नीचे गिरा डंपर

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/qaySycYxJmw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/qaySycYxJmw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के मुताबिक, डंपर जैसे ही बैली ब्रिज पर पहुंचा, पुल उसका भार नहीं सह सका और अचानक ढह गया। पुल टूटते ही डंपर नीचे जा गिरा। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

CCTV फुटेज में दिखा हादसे का पूरा दृश्य

बुधवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि डंपर पुल पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान पुल का एक हिस्सा टूट गया और वाहन नीचे गिर गया। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

क्षमता से अधिक वजन बना हादसे की वजह

राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने हादसे को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर पुल से गुजर रहा था। इसी कारण बैली ब्रिज टूट गया।

10 मीट्रिक टन तक के भार के लिए बना था पुल

मंत्री ने बताया कि संबंधित बैली ब्रिज अधिकतम 10 मीट्रिक टन भार वहन करने के लिए बनाया गया था, जबकि हादसे के समय डंपर पर इससे ज्यादा वजन होने की आशंका है। प्रशासन अब वाहन के वास्तविक भार और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रहा है।

ड्राइवर के खिलाफ होगी कार्रवाई

जगत सिंह नेगी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने के मामले में डंपर चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भार सीमा की अनदेखी न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है।

आवाजाही पर असर, वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी

पुल टूटने के बाद क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था शुरू कर दी है और जल्द से जल्द नया अस्थायी पुल या मरम्मत कार्य शुरू करने की बात कही है। अधिकारियों को घटना की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।