कसौली के जंगलों में भीषण आग से हड़कंप, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे बुझाने के लिए उतरा सेना का हेलीकॉप्टर; 200 जवानों ने संभाला मोर्चा
हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल Kasauli में मंगलवार को भीषण जंगल की आग ने भारी दहशत फैला दी। कसौली के मनोन गांव क्षेत्र में दोपहर बाद जंगल में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। शाम सात बजे तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके बाद सेना का हेलीकॉप्टर भी राहत और बचाव अभियान में लगाया गया।जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले निचले जंगल क्षेत्र में शुरू हुई थी। तेज हवाओं और सूखी वनस्पतियों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और धीरे-धीरे अपर मॉल इलाके तक पहुंच गई। कुछ ही घंटों में आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और घने धुएं के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम होते-होते आग और ज्यादा भड़क गई, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बन गया। कई जगहों पर धुएं की मोटी परत छा गई, जिसके कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया।घटना की सूचना मिलते ही सेना, वायुसेना और कैंटोनमेंट बोर्ड की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए करीब 200 से अधिक सेना के जवानों को तैनात किया गया। जवानों ने अलग-अलग हिस्सों में मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोकने की कोशिश शुरू की।
स्थिति गंभीर होने के कारण सेना का हेलीकॉप्टर भी कसौली पहुंचाया गया, ताकि ऊंचाई वाले इलाकों में तेजी से फैल रही आग पर नियंत्रण पाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार आग को पूरी तरह बुझाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।हालांकि अब तक किसी जनहानि की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन जंगल और वन्य संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने और जंगल वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती गर्मी और सूखे मौसम के कारण पड़ी राज्यों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में वनाग्नि के मामलों में तेजी देखी गई है, जिससे पर्यावरण और पर्यटन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। फिलहाल राहत और बचाव टीमें पूरी ताकत से आग बुझाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।