चंबा के चुराह में बड़ा हादसा टला: ग्लेशियर टूटकर सड़क पर आया, वीडियो में जाने सड़क बहाली कर रहे कर्मचारी बाल-बाल बचे
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में बीती शाम 30 अप्रैल को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अचानक एक ग्लेशियर टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।यह घटना उस समय हुई जब चंबा को पांगी से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर बर्फ हटाने और बहाली का काम चल रहा था। बैरागढ़-साचपास-किलाड़ सड़क पर सतरूंडी के कार्थनाला इलाके में लोक निर्माण विभाग (PWD) के कर्मचारी और मजदूर सड़क को यातायात के लिए फिर से खोलने में जुटे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक ऊंचाई से ग्लेशियर टूटकर नीचे की ओर आ गिरा। यह दृश्य इतना भयावह था कि कुछ ही पलों में बर्फ की भारी मात्रा ‘बर्फ की नदी’ की तरह सड़क की ओर बहने लगी।स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद कर्मचारी और मजदूरों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। उनकी सूझबूझ और तेजी से की गई प्रतिक्रिया के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बच गए।
गौरतलब है कि बीते दिनों क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई थी, जिसके कारण चंबा-पांगी मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गया था। सड़क को दोबारा खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार काम कर रही थीं, तभी यह अप्रत्याशित घटना हो गई।स्थानीय प्रशासन के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में बदलाव और बर्फ के अस्थिर ढेरों के कारण इस तरह की घटनाओं की संभावना बनी रहती है। विभाग द्वारा अब इलाके में काम को कुछ समय के लिए सावधानी के साथ आगे बढ़ाने और जोखिम भरे हिस्सों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, हालांकि राहत की बात यह है कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद इस तरह के ग्लेशियर टूटने की घटनाएं सामान्य हैं, लेकिन इनके दौरान सुरक्षा उपायों का पालन बेहद जरूरी हो जाता है। फिलहाल सड़क बहाली का काम अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है, लेकिन प्रशासन और विभागीय टीमें स्थिति का आकलन कर जल्द ही काम को फिर से शुरू करने की तैयारी में हैं।