पानीपत से अगवा किए गए XEN के बेटे को पुलिस ने छुड़ाया, वीडियो में देंखे रोहतक में मुठभेड़ के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा के पानीपत से महिला एक्सईएन (कार्यकारी अभियंता) के बेटे का अपहरण कर फरार हुए बदमाशों को पुलिस ने रोहतक में घेर लिया। इस दौरान पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों ओर से करीब 11 राउंड फायरिंग हुई। कार्रवाई के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनकी एक महिला साथी को भी मौके से हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अपहरणकर्ता पानीपत नंबर की एक डिजायर कार में बच्चे को लेकर भाग रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया और रोहतक में घेराबंदी कर दी।
घिरने पर बच्चे को कार से फेंका
पुलिस के करीब पहुंचने और खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपियों ने बच्चे को चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इस दौरान बच्चा घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए रोहतक स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मुठभेड़ में आरोपियों के पैर में लगी गोली
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी की गर्लफ्रेंड भी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से एक महिला को भी गिरफ्तार किया है, जिसे आरोपियों की सहयोगी और उनमें से एक की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है ताकि अपहरण की पूरी साजिश का खुलासा हो सके।
छात्र की भूमिका भी जांच के घेरे में
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अपहरण की साजिश में एक छात्र की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और संभावित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों, महिला सहयोगी और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य अपहरण के पीछे की मंशा, योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करना । बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, हालांकि वह घायल है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।