शिखर धवन ने गुरुग्राम में कराई शादी की रजिस्ट्रेशन, वीडियो में जाने सोफी के साथ पहुंचे रजिस्ट्रार ऑफिस
Shikhar Dhawan ने बुधवार को एक अहम व्यक्तिगत कदम उठाते हुए अपनी शादी को आधिकारिक रूप से रजिस्टर करा लिया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अपनी पत्नी Sophie Shine के साथ गुरुग्राम स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे, जहां दोनों ने आवश्यक विवाह दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।जानकारी के अनुसार, इस दौरान शिखर धवन के कुछ करीबी रिश्तेदार और मित्र भी मौजूद रहे। रजिस्ट्रार ऑफिस में औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद दोनों ने अपनी शादी को कानूनी रूप से मान्यता दिलाई। इस मौके पर शिखर धवन डार्क ब्लू टी-शर्ट में नजर आए, जबकि सोफी शाइन लाइट स्काई ब्लू टॉप पहने हुए दिखाई दीं। दोनों की सादगी भरी मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को बेहद निजी और शांत बना दिया।
गौरतलब है कि शिखर धवन और सोफी शाइन ने पहले ही अपने रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए 12 जनवरी को सगाई की थी। इसके बाद दोनों ने 21 फरवरी को दिल्ली NCR में एक निजी समारोह में शादी की थी, जिसमें सीमित लोग ही शामिल हुए थे।अब विवाह का औपचारिक पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराकर दोनों ने अपने रिश्ते को कानूनी रूप से भी पूरा कर लिया है। इस कदम के बाद उनके प्रशंसकों और क्रिकेट जगत में भी शुभकामनाओं का सिलसिला शुरू हो गया है।
शिखर धवन भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक रहे हैं और अपने आक्रामक खेल और मस्तीभरे स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद भी वह लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं, कभी अपने निजी जीवन को लेकर तो कभी सोशल मीडिया गतिविधियों के कारण।फिलहाल धवन और सोफी की इस नई शुरुआत को लेकर फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।