×

हरियाणा जा रहे पीलीभीत के मजदूरों की कार ट्रक से टकराई, 5 की मौत; 7 घायल

 

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से हरियाणा में बाजरे की कटाई के लिए जा रहे मजदूरों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। खरखौदा के पास मजदूरों से भरी कार एक ट्रक से टकरा गई, जिसमें चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात मजदूर घायल हो गए।

बाजरे की कटाई के लिए जा रहे थे मजदूर

जानकारी के मुताबिक, पीलीभीत के बढ़ेपुरा कुसुमा गांव से मजदूर हरियाणा में बाजरे की कटाई के काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खरखौदा क्षेत्र के पास उनकी कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार कई लोग गंभीर रू से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर हुई पांच लोगों की मौत

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल सात मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही पीलीभीत स्थित मृतकों के गांवों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मजदूर रोजी-रोटी के लिए हरियाणा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। ट्रक चालक की भूमिका और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।