काला जठेड़ी की सुरक्षा में कोई चूक नहीं, पत्नी और बेटियों से मिलने से पहले कमरे की हुई सघन तलाशी
काला जठेड़ी के अपनी जुड़वां बेटियों के नामकरण समारोह में शामिल होने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस की निगरानी में उसे सोनीपत के जठेड़ी गांव स्थित घर लाया गया। परिवार से मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि काला जठेड़ी को कमरे में ले जाने से पहले उस पूरे कमरे को खाली कराया गया, जहां उसे पत्नी अनुराधा चौधरी और दोनों बेटियों से मिलना था।
पुलिसकर्मियों ने कमरे की अच्छी तरह जांच की। कमरे में मौजूद सामान और आसपास के हिस्सों को भी देखा गया, ताकि सुरक्षा से जुड़ी किसी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे। जांच पूरी होने और कमरे को सुरक्षित पाए जाने के बाद ही काला जठेड़ी को अंदर जाने की अनुमति दी गई।
काला जठेड़ी को अपनी जुड़वां बेटियों के जन्म के करीब 80 दिन बाद आयोजित नामकरण और अन्य पारिवारिक रस्मों में शामिल होने के लिए सीमित अवधि की कस्टडी पैरोल मिली थी। पुलिस सुरक्षा के बीच उसे तिहाड़ जेल से सोनीपत के जठेड़ी गांव लाया गया था।
घर पहुंचने के बाद परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने उससे मुलाकात की। इस दौरान उसकी पत्नी और दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। समारोह को देखते हुए गांव में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। घर के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने मुलाकात के दौरान निर्धारित नियमों का पालन कराया। कमरे की जांच के बाद ही परिवार के साथ उसकी मुलाकात कराई गई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसे दोबारा पुलिस सुरक्षा में जेल ले जाया गया। काला जठेड़ी के गांव पहुंचने से लेकर वापस लौटने तक सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की विशेष निगरानी रही।