हरियाणवी सॉन्ग 'बरसात' की हॉलीवुड में एंट्री, 'स्पाइडर-मैन, वीडियो में जाने ब्रांड न्यू डे' के इंडिया कैंपेन के लिए हुआ चयन
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। रियाणवी गाने 'बैरण' से पहचान बनाने वाले सिंगर जोड़ी सुमित-अनुज का नया सॉन्ग 'बरसात' अब हॉलीवुड तक पहुंच गया है। रिलीज होने के महज 20 दिनों के अंदर इस गाने को हॉलीवुड की चर्चित फ्रेंचाइजी 'स्पाइडर-मैन' की आने वाली फिल्म के लिए चुना गया है। सुमित-अनुज के अनुसार, उनका गाना 'बरसात' फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के इंडिया प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा बनाया गया है। 28 जुलाई को इस गाने की प्रमोशनल वीडियो भी जारी की गई, जिसमें फिल्म के मुख्य किरदार पीटर पार्कर की इमोशनल लव स्टोरी को दिखाया गया है।
पहला हरियाणवी सॉन्ग होने का दावा
सिंगर सुमित और अनुज का दावा है कि किसी हॉलीवुड स्टूडियो की फिल्म के लिए चुना जाने वाला यह पहला हरियाणवी सॉन्ग है। इस उपलब्धि को लेकर दोनों कलाकारों ने खुशी जाहिर की है।उन्होंने बताया कि 'बरसात' में मौजूद इमोशन और कहानी फिल्म के किरदार पीटर पार्कर की जिंदगी से मेल खाते हैं। यही वजह रही कि इसे फिल्म के भारतीय प्रमोशन के लिए चुना गया।
पीटर पार्कर की इमोशनल जर्नी से जुड़ा गाना
सुमित-अनुज ने बताया कि 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के इंडिया कैंपेन के लिए ऐसे गाने की तलाश की जा रही थी, जो पीटर पार्कर की भावनात्मक यात्रा को दर्शा सके।फिल्म में पीटर पार्कर के अकेलेपन और एमजे से दूरी के दर्द को संगीत के जरिए दिखाने की जरूरत थी। 'बरसात' के बोल, संगीत और भावनाएं फिल्म की कहानी से पूरी तरह मेल खाते थे।इसी वजह से सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया और सोनी म्यूजिक इंडिया ने इस गाने को स्पेशल प्रमोशनल कैंपेन के लिए चुना।
35 लाख से ज्यादा बार देखा गया गाना
'बरसात' को दर्शकों का भी शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के कुछ ही दिनों में यह गाना लोकप्रिय हो गया है। दो दिन पहले जारी किए गए इस गाने को अब तक 35 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।सुमित-अनुज इससे पहले अपने हरियाणवी गाने 'बैरण' के जरिए काफी लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं। उनके गानों ने क्षेत्रीय संगीत को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
हरियाणवी म्यूजिक के लिए बड़ी उपलब्धि
हॉलीवुड फिल्म के प्रमोशनल कैंपेन में हरियाणवी गाने का इस्तेमाल होना क्षेत्रीय संगीत के बढ़ते प्रभाव को दिखाता है। इससे न केवल सुमित-अनुज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, बल्कि हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए भी यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।अब 'बरसात' के जरिए हरियाणवी संगीत प्रेमियों की नजरें हॉलीवुड तक पहुंच गई हैं।