OTT से छात्र आंदोलन तक: कौन हैं सुधीर सांगवान? 'वीडियो में जाने मामला लीगल है' के SHO पेप्सू अब CJP की कोर टीम का हिस्सा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास के अलावा जिस चेहरे ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा, वह था हरियाणा के चरखी दादरी निवासी और अभिनेता सुधीर सांगवान का। अभिनय की दुनिया में पहचान बना चुके सुधीर अब CJP की संस्थापक कोर टीम के सदस्य के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सुधीर सांगवान को नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज मामला लीगल है में SHO पेप्सू के किरदार से खास पहचान मिली। इसके अलावा वह फिल्म RAAKH और कई अन्य OTT प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं। उनके अभिनय को दर्शकों ने सराहा और इसी के बाद उन्होंने डिजिटल मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।
हालांकि, सुधीर का सफर आसान नहीं रहा। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के छपार गांव से आने वाले सुधीर एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। आर्थिक तंगी के दौर में उन्होंने जीवनयापन के लिए कई छोटे-बड़े काम किए। उन्होंने मेडिकल स्टोर में हेल्पर के रूप में काम किया, जहां उन्हें 200 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलती थी। इसके बाद उन्होंने सिम कार्ड हॉकर, डीजे ऑपरेटर, ट्रांसपोर्ट कंपनी में कर्मचारी और बैंकिंग सेक्टर में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।संघर्षों के बीच उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा और धीरे-धीरे OTT प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बनाई। आज वह न केवल एक अभिनेता हैं, बल्कि छात्र आंदोलन से जुड़े CJP के संस्थापक कोर टीम के सदस्य के रूप में भी चर्चा में हैं।
जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान उनकी सक्रिय मौजूदगी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आंदोलन में उनकी भूमिका और संगठन से जुड़ाव को लेकर सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा हुई। हालांकि, CJP और उससे जुड़े विभिन्न दावों एवं गतिविधियों को लेकर अलग-अलग पक्षों की अपनी-अपनी राय है।सुधीर सांगवान की कहानी इस बात का उदाहरण मानी जा रही है कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगातार प्रयास से अलग पहचान बनाई जा सकती है। अभिनय की दुनिया से लेकर सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों तक उनका सफर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।