×

हरियाणा के नूंह में बृजमंडल यात्रा से पहले 2500 सुरक्षाकर्मी तैनात, इंटरनेट बंद, जानें पूरा मामला

 

हरियाणा के नूंह में हर साल की तरह इस बार भी सावन के पहले सोमवार को बृजमंडल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा नूंह के नल्हारेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर पुन्हाना के श्रृंगेश्वर मंदिर तक जाएगी। यात्रा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। नूंह जिले में इंटरनेट और बल्क एसएमएस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। दो साल पहले भी यहां जलाभिषेक यात्रा पर हमला हुआ था। इसके बाद गोलीबारी और आगजनी हुई थी। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस बार भी बृजमंडल यात्रा से एक रात पहले तावडू में समाधि स्थल को तोड़ा गया था। हालांकि, अभी तक किसी हंगामे की खबर नहीं है।

इस बार प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बृजमंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा के दौरान नूंह पुलिस जमीन से आसमान तक कड़ी निगरानी रखेगी। इंटरनेट और बल्क एसएमएस सेवाओं को 24 घंटे के लिए बंद करने के अलावा, 24 ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं और डीजे बजाने पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

24 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्थानों पर 24 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। 12 ड्यूटी मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। घुड़सवार पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों सहित पुलिस और अर्धसैनिक बलों की 22 टुकड़ियाँ तैनात की गई हैं। रात में नाइट विज़न ड्रोन से निगरानी की जाएगी। विभिन्न मार्गों से नूंह शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया है।

इंटरनेट कब तक बंद रहेगा?

13 जुलाई रात 9 बजे से 14 जुलाई रात 9 बजे तक 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएँ बंद रहेंगी। बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज से संबंधित एसएमएस सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा ये आदेश जारी किए गए हैं। दो साल पहले यात्रा के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए पूरे जिले को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

प्रशासन ने बृजमंडल यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिए 14 डीएसपी और पुलिस की 22 कंपनियाँ तैनात की गई हैं। ज़िला प्रशासन ने बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा के तीनों मंदिरों का निरीक्षण किया। ज़िले की सभी सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है। डीसी विश्राम कुमार मीणा का कहना है कि यात्रा की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस बार यात्रा बहुत ही शानदार तरीके से संपन्न होगी।

80 किलोमीटर लंबी यात्रा में हज़ारों श्रद्धालु शामिल होंगे

यह जलाभिषेक यात्रा नल्हड़ महादेव मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका के झीर मंदिर से होते हुए पुन्हाना के श्रृंगेश्वर मंदिर तक जाएगी। 80 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में हज़ारों शिवभक्त शामिल होंगे। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। दो साल पहले बृजमंडल यात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद से ही प्रशासन यात्रा को लेकर अलर्ट पर है। बृजमंडल यात्रा को देखते हुए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। इस दौरान बल्क एसएमएस सेवाएँ भी बंद रहेंगी। पूरे नूंह को अभेद्य किला बना दिया गया है। ज़मीन से आसमान तक निगरानी की जा रही है। शहर में प्रवेश के सभी रास्ते सील कर दिए गए हैं। यात्रा में शामिल होने के लिए नूंह पहुँच रहे वाहनों को पूरी जाँच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।