गुजरात की पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में 21 लोगों की मौत, यहां पढ़े इनसाइड स्टोरी

गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में कल एक हृदय विदारक और भीषण दुर्घटना घटी। यहां धुनवा रोड स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आग आसपास के क्षेत्र में फैल गई। इस दुर्घटना में 21 लोगों की जान चली गई। वहीं, 6 से 7 लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। मृतकों में 3-4 नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। फैक्ट्री में सुबह विस्फोट हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद शाम तक मरने वालों की संख्या 21 पहुंच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि इस फैक्ट्री में बिना लाइसेंस के पटाखे बनाए जा रहे थे। इसके अलावा यहां नाबालिगों से बाल श्रम भी कराया जाता था। पुलिस ने पटाखा फैक्ट्री के मालिक दीपक सिंधी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इस दुर्घटना में मरने वाले अधिकतर लोग छत के अचानक ढह जाने और मलबे के नीचे दबने से मारे गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बड़ा हादसा एक पटाखा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुआ। जिन 21 लोगों की जान गई है, उनमें से 18 मजदूर मध्य प्रदेश के हैं, जिनमें 8 हरदाना और 6 देवास के हैं। इसके अलावा मृतकों में 3-4 नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।