दम्मम-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग, टॉयलेट में मिला 'बम' लिखा टिशू पेपर
दम्मम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट के एक क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में 'बम' लिखा हुआ एक टिशू पेपर मिला, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। फ्लाइट में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित तरीके से टर्मिनल-2 पर उतार लिया गया। इसके बाद विमान को एक अलग स्थान पर ले जाकर उसकी जांच शुरू की गई।
4:21 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरी फ्लाइट
पुलिस के अनुसार, दम्मम-दिल्ली एयर इंडिया की फ्लाइट करीब शाम 4:21 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अहमदाबाद पर सुरक्षित लैंड हुई।लैंडिंग के तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने बोइंग विमान को मुख्य पैसेंजर टर्मिनल से दूर एक अलग बे में भेज दिया, ताकि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जांच की जा सके।सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विमान की पूरी जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टॉयलेट में 'बम' लिखा टिशू पेपर किसने रखा।यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए गए। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।
यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
एयर इंडिया फ्लाइट में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मानक आपातकालीन प्रक्रिया का पालन किया।फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह धमकी वास्तविक थी या किसी की शरारत।