Delhi Weather Today: साफ रहेगा आसमान, तेज धूप से बढ़ेगी गर्मी; प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली-एनसीआर में आज, 2 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा और दिन के समय तेज धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, मौसम साफ होने के बावजूद राजधानी में वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ रही है। अक्टूबर की शुरुआत के साथ दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में पिछले दिन मौसम सामान्य से थोड़ा गर्म रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था।
आज 33 से 35 डिग्री तक रह सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप तेज रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।
कई इलाकों में 35 डिग्री से ऊपर रहा तापमान
पिछले दिन पालम में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री, लोधी रोड में 35.3 डिग्री, रिज में 34.4 डिग्री और आया नगर में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में दिल्ली के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिल्ली की हवा में बढ़ा प्रदूषण
अक्टूबर की शुरुआत दिल्ली के लिए प्रदूषण के लिहाज से अच्छी नहीं रही। 1 अक्टूबर को राजधानी का औसत AQI बढ़कर 166 पहुंच गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में रहा। इससे एक दिन पहले AQI 129 दर्ज किया गया था।
CREA के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले 1 अक्टूबर 2022 को दिल्ली का AQI 186 दर्ज किया गया था। ऐसे में मौसम के शुष्क होने के साथ आने वाले दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर नजर बनी रहेगी।