दिल्ली में छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 15-16 नवंबर को कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन; घर से निकलने से पहले जान लें नए रूट
राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। यमुना घाटों और अन्य पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे। पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इससे आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की है।
इन रास्तों पर जाने से बचें वाहन चालक
छठ पूजा के दौरान दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को निम्नलिखित रास्तों से बचने की सलाह दी है।
-
पुस्ता रोड पर शास्त्री पार्क से खजूरी चौक तक और विपरीत दिशा में।
-
नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक।
-
शांति वन से श्मशान घाट तक का मार्ग।
इन रास्तों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
इन वैकल्पिक रास्तों का कर सकते हैं इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
वहीं, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार जाने वाले वाहन चालक खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड, सभापुर गांव और सोनिया विहार चौहान पट्टी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। इससे प्रभावित मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
श्रद्धालुओं के लिए यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें डीएनडी के पास यमुना खादर, वेस्ट विनोद नगर का खुला मैदान, खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास खाली जगह, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, पुराने लोहे के पुल के पास गौशाला के नजदीक खुला मैदान और नंद नगरी के बी-1 व बी-2 ब्लॉक स्थित छठ पार्क शामिल हैं।
इसके अलावा मंडोली टीला स्थित छठ घाट, पुस्ता रोड पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की पार्किंग और साईं भवन के पास नगर निगम की पार्किंग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करने की अपील की है। प्रतिबंधित मार्गों पर जाने और सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचने की सलाह दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर लें।
त्योहार के दौरान संभावित जाम से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना भी बेहतर विकल्प हो सकता है। पुलिस ने लोगों से यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।