×

उत्तर प्रदेश की सबसे गरीब महिला सांसद की स्थिति, सबसे रईस महिला सांसद से 278 करोड़ से भी ज्यादा कम है नेट वर्थ

 

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार का दिन जमकर हंगामे वाला रहा। विपक्षी सांसदों ने मतदाता सूची संशोधन के विरोध में चुनाव आयोग तक मार्च निकाला। दिल्ली पुलिस ने सांसदों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उसे लांघकर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने विपक्षी सांसदों को हिरासत में ले लिया। सपा, कांग्रेस और टीएमसी की महिला सांसदों ने भी मार्च में हिस्सा लिया और इस दौरान महुआ मोइत्रा और एक अन्य महिला सांसद की तबीयत बिगड़ गई।

विरोध मार्च के दौरान अखिलेश यादव की पार्टी की एक महिला सांसद भी सुर्खियों में रहीं। उनका नाम है - प्रिया सरोज, जो यूपी के जौनपुर की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद हैं और बहुत जल्द क्रिकेटर रिंकू सिंह से शादी करने वाली हैं। पुलिस ने जब विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया, तो प्रिया सरोज बस में महिला सांसदों के साथ पूरे जोश के साथ नारे लगाती नजर आईं।

प्रिया सरोज जौनपुर की केराकत विधानसभा सीट से सपा विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रिया सरोज ने इस सीट पर भाजपा के बीपी सरोज को 35850 मतों के अंतर से हराया था। चुनाव में प्रिया सरोज द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में उन्होंने 11 लाख रुपये की संपत्ति का खुलासा किया था। इसमें 75 हजार रुपये नकद और केनरा बैंक व यूनियन बैंक के खातों में 10 लाख से अधिक की राशि जमा बताई गई थी। उन्होंने बताया कि उनके पास 32 हजार रुपये के आभूषण भी हैं।

उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 6 महिला सांसद हैं। इनमें से चार महिला सांसद - डिंपल यादव, इकरा हसन, प्रिया सरोज और रुचि वीरा समाजवादी पार्टी से हैं। वहीं, यूपी में भाजपा की एकमात्र महिला सांसद अपना दल (सोनेलाल) से हेमा मालिनी और अनुप्रिया पटेल हैं। इन सभी महिला सांसदों द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार, हेमा मालिनी यूपी की सबसे अमीर महिला सांसद हैं।

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग को दिए अपने हलफनामे में हेमा मालिनी ने 278 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा किया था। इसमें उनके और उनके पति धर्मेंद्र के पास करीब 56 लाख रुपये नकद और बैंकों समेत अन्य जगहों पर 11 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की कुल संपत्ति हेमा मालिनी से 2788242508 रुपये कम है। हेमा मालिनी 2014 के चुनाव में मथुरा सीट पर जयंत चौधरी को हराकर लोकसभा पहुंची थीं और तब से लगातार जीत दर्ज कर रही हैं।