पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर फायरिंग करने वाला शूटर, रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हैं तार
दिल्ली पुलिस की नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट यूनिट को एक बड़ी कामयाबी मिली है। 25 फरवरी को कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनकी टीम पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रोहित सोलंकी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा का शूटर है और हमले का ऑर्डर उसी ने दिया था।
खुफिया जानकारी के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने जाल बिछाकर माजरा डबास इलाके के पास से रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई। पुलिस जांच में पता चला है कि हमले के समय रोहित स्कूटर पर था और उसने वकील की कार पर सीधे फायरिंग की।
क्या थी पूरी घटना?
25 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री अपनी टीम के साथ कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाले बाबा मंदिर से लौट रहे थे। उस समय स्कूटर सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग की। कार में कुल पांच लोग सवार थे। ड्राइवर ऋषभ की मौजूदगी में कार को तुरंत सिविल लाइंस की तरफ मोड़ दिया गया, जिससे सभी की जान बच गई। हालांकि, पिछली सीट पर बैठे संदीप नाम के एक व्यक्ति के कंधे में गोली लग गई।