×

अंबेडकर अस्पताल के ड्यूटी रूम में मृत मिले सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर, पुलिस को मिला कथित सुसाइड नोट

 

दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल से एक दुखद घटना सामने आई है। अस्पताल में कार्यरत 35 वर्षीय सीनियर रेजिडेंट (एसआर) डॉक्टर अपने ड्यूटी रूम में मृत पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से तीन पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट, एक निजी डायरी, सिरिंज और कुछ दवाओं की खाली शीशियां बरामद हुई हैं। इन सभी सामानों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। अस्पताल प्रशासन और मृतक डॉक्टर के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।