×

दिल्ली में जिम ट्रेनर की 15 राउंड फायरिंग कर हत्या, चार में से 2 गोलियां सिर में लगीं; फुटेज में देखें सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी

 

दिल्ली के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह जिम ट्रेनर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या के बाद सनसनी फैल गई। वारदात को दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। विजय को चार गोलियां मारी गई थीं, जिनमें से दो गोलियां उसके सिर में लगीं। गंभीर रूप से घायल विजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अब इस हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई है, जिसमें हिमांशु भाऊ के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/t7tFNoxVIPs?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/t7tFNoxVIPs/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में कथित तौर पर हिंदी में धमकी भरा संदेश लिखा गया है। इसमें कहा गया है, "भागने से काम नहीं चलेगा, फील्ड में आओ। किसी को भागने नहीं दूंगा।" पोस्ट में कथित तौर पर "भाऊ गैंग" और "Since 2020" भी लिखा हुआ है। पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सोशल मीडिया पर सामने आई इस पोस्ट का आया नगर में हुई जिम ट्रेनर की हत्या से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। जांच का मुख्य फोकस हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों से जुड़े सुरागों पर भी है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह विजय कुमार पर उस समय हमला किया गया जब वह आया नगर इलाके में मौजूद था। दो मोटरसाइकिलों पर आए चार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर चार गोलियों के निशान मिले, जिनमें दो गोलियां सिर में लगी थीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कथित तौर पर हिमांशु भाऊ के नाम से पोस्ट सामने आने से जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस यह भी जांच रही है कि पोस्ट वास्तव में संबंधित गिरोह से जुड़ी है या किसी ने जांच को भटकाने के लिए इसे सोशल मीडिया पर डाला है।

बताया जा रहा है कि यह एक महीने के भीतर दिल्ली में दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है। इससे पहले 3 सितंबर को नरेला के बांकनेर गांव में 55 वर्षीय डेयरी कारोबारी रतन लोहिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या भी जिम के बाहर की गई थी।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद दिल्ली पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है। हालांकि आया नगर हत्याकांड में सोशल मीडिया पोस्ट और हत्या के बीच संबंध की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पोस्ट की तकनीकी जांच के साथ-साथ हत्याकांड से जुड़े अन्य सुरागों को भी खंगाल रही है।