×

Gujarat Municipal Election Result 2021: आज आएंगे गुजरात निकाय चुनाव के नतीजे, BJP और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला….

 

जम्मू कश्मीर, हैदराबाद, पंजाब के बाद अब गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। मंगलवार को मतगणना शुरू होने जा रही है। अधिकारियों ने मतगणना की पूरी तैयारियां कर ली है। सुबह 8 बजे काउंटिंग के लिए ईवीएम खोले जाएंगे। 6 महानगरों अहमदाबाद, सूरत, बडोदरा, भावनगर, जामनगर और राजकोट में वोटिंग हुई थी। कोरोना महामारी के बीच हुए 6 नगर निगमों में 42.21 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।

गृहमंत्री अमित शाह ने भी परिवार के साथ वोट डाला था। इन निकाय चुनावों को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के लिए एक परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। ये चुनाव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों का मिजाज बदल सकते हैं। इन चुनावों में मुख्य मुकाबला बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस के बीच है। बीजेपी का पिछले कई कार्यकाल से इन 6 नगर निगमों पर शासन रहा है। आम आदमी पार्टी का दावा है कि वह बीजेपी और कांग्रेस के सामने एक प्रभावी विकल्प होगी। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी पहली बार स्थानीय चुनाव में उतरी है।

चुनाव लड़ने वालों में बीजेपी से 577, कांग्रेस से 566, आम आदमी पार्टी से 470, राकांपा से 91, 228 निर्दलीय और अन्य दलों से 353 प्रत्याशी शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, कुल 1.14 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 60.60 लाख पुरुष और 54.06 लाख महिलाएं शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि 575 सीटों पर मतदान के लिए करीब 32000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक वार्ड में चार पार्षद हैं। 6 नगर निगमों में कुल 2276 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।