×

दिल्ली के रिठाला में आग का तांडव, मेट्रो स्टेशन के पास लगी भीषण आग में 50 झुग्गियां राख

 

राजधानी दिल्ली में गुरुवार (5 मार्च) सुबह एक बड़ी आग लगने की घटना सामने आई. रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गियों में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं.

फायर विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना सुबह करीब 4:15 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया और करीब 15 दमकल गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचकर दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया.

आग पर पाया गया काबू

दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. झुग्गियों में ज्वलनशील सामान और एक-दूसरे से सटी हुई झोपड़ियों की वजह से आग तेजी से फैल गई थी. हालांकि कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर लगभग काबू पा लिया.

घटना के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे, लेकिन आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग तुरंत बाहर निकल आए. आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की.

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि आग की वजह से कई परिवारों का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है. जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास लगी इस आग में करीब 50 झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं. आग लगने के कारणों का अभी तक साफ पता नहीं चल पाया है. फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है.

फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और मौके पर दमकलकर्मी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाने की भी तैयारी की जा रही है.