पिता ही निकला बेटे का कातिल: साथी के साथ मिलकर 38 साल के बेटे की हत्या, कंटेनर में मिली लाश
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, 38 वर्षीय गुल हसन की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता ने अपने एक साथी के साथ मिलकर की थी। आरोपी पिता और उसके साथी ने बेटे को डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाया और उसे सुनसान इलाके में ले जाकर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक पुराने कंटेनर में छोड़कर दोनों वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मृतक के 64 वर्षीय पिता तालुकदार अंसारी और उसके 49 वर्षीय साथी मोहम्मद वसीम उर्फ अकबर को गिरफ्तार किया है।
कंटेनर में मिली थी युवक की लाश
मामला 23 अगस्त का है। कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सुनसान कंटेनर के अंदर युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के सिर के बाएं हिस्से पर गंभीर चोट के निशान मिले। पास में खून लगा कंक्रीट का पत्थर भी पड़ा था।
शव की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी, जिसके चलते पुलिस ने इसे ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें बनाईं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
CCTV ने खोली हत्या की गुत्थी
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सीसीटीवी फुटेज मिला। इसमें मृतक दो अन्य लोगों के साथ घटनास्थल की तरफ जाता दिखाई दिया। खास बात यह थी कि कंटेनर की ओर जाते समय तीन लोग नजर आए, लेकिन वापस लौटते समय सिर्फ दो लोग दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस ने एक कैमरे से दूसरे कैमरे तक संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। जांच में पता चला कि दोनों गोविंदपुरी की एक सिलाई फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस ने वहां दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
डॉक्टर के बहाने बेटे को ले गए
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मृतक गुल हसन मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता और उसके साथी ने उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर अपने साथ लिया था।
दोनों उसे कालिंदी कुंज के सुनसान इलाके में स्थित कंटेनर के पास ले गए। आरोप है कि वहां वसीम ने कंक्रीट के पत्थर से गुल हसन के सिर पर वार किया। इसके बाद पिता ने भी कथित तौर पर उस पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, बाद में कपड़े से बनी रस्सी की मदद से उसका गला घोंट दिया गया।
हत्या के बाद शव कंटेनर में छोड़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी शव को उसी कंटेनर में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कंक्रीट का पत्थर, कथित तौर पर खून से सने कपड़े और गला घोंटने में इस्तेमाल की गई कपड़े की रस्सी बरामद की है।
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। छह दिनों की जांच में सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया गया।