दिल्ली में हाई अलर्ट: लाल किला और सचिवालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी ग्रुप ने भेजा था मेसेज
लाल किला और दिल्ली सेक्रेटेरिएट को सोमवार दोपहर बम की धमकी मिली। दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लाल किला और दिल्ली सेक्रेटेरिएट कॉम्प्लेक्स के अंदर और बाहर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। धमकी भरा ईमेल एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजा गया था। पुलिस के बड़े अधिकारी, बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
दोनों कॉम्प्लेक्स खाली कराए जा रहे हैं
लाल किला और दिल्ली सेक्रेटेरिएट को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस टीमें तुरंत एक्शन में आ गईं। लाल किला कॉम्प्लेक्स को खाली करा लिया गया और चेकिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया। ITO के पास दिल्ली सेक्रेटेरिएट में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को जाने के लिए कहा गया है। पुलिस टीमों ने वहां भी जांच शुरू कर दी है।
ईमेल के सोर्स का पता लगाया जा रहा है
दिल्ली पुलिस टीम ने ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगाया है। साइबर सेल इस ग्रुप से पहले मिली धमकियों और खालिस्तानी ग्रुप से उनके कनेक्शन की जांच कर रही है।
दिल्ली के दो स्कूलों को भी आज धमकी मिली
आज सुबह, दिल्ली के दो स्कूलों को बम की धमकी मिली। धौला कुआं में आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड पर एयर फ़ोर्स बाल भारती स्कूल को बम की धमकी वाले ईमेल मिले। पुलिस अफ़सर और दिल्ली फ़ायर सर्विस तुरंत मौके पर पहुँचे। दोनों स्कूलों के कैंपस को तुरंत खाली करा लिया गया।