×

दिल्ली को मीडिया-मनोरंजन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, DTTDC और प्रसार भारती के बीच MOU

 

राजधानी दिल्ली Delhi को मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस उद्देश्य से दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम लिमिटेड (DTTDC) और प्रसार भारती Prasar Bharati के बीच शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित IFFD के दौरान एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मौजूद विशाल प्रतिभा, तकनीकी कौशल और रचनात्मक ऊर्जा को ध्यान में रखते हुए राजधानी को एक मजबूत मीडिया और क्रिएटिव इंडस्ट्री हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

कपिल मिश्रा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली को देश और दुनिया के निवेशकों, फिल्म निर्माताओं, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और अन्य क्रिएटिव पेशेवरों के लिए एक आकर्षक केंद्र बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी पैदा होंगे।

समझौते के तहत दोनों संस्थान मिलकर फिल्म शूटिंग सुविधाओं, कंटेंट प्रोडक्शन, मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रचार-प्रसार से जुड़ी योजनाओं पर काम करेंगे। इससे दिल्ली में फिल्म और डिजिटल मीडिया प्रोडक्शन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, यह साझेदारी राजधानी को वैश्विक स्तर पर क्रिएटिव इंडस्ट्री के मानचित्र पर स्थापित करने में मदद करेगी। आने वाले समय में दिल्ली में फिल्म शूटिंग और मीडिया प्रोडक्शन से जुड़े नए केंद्र विकसित किए जाने की भी योजना है।

इस समझौते को दिल्ली के पर्यटन और आर्थिक विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे शहर की छवि एक आधुनिक और रचनात्मक राजधानी के रूप में और मजबूत होगी।