☰
×

चावड़ी बाजार हादसे पर AAP का रेखा गुप्ता सरकार पर हमला, बोली- लगातार हो रहे हादसों पर CM मौन; AE-JE सस्पेंड

 

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री इस पर गंभीरता नहीं दिखा रही हैं।

AAP ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में एक के बाद एक हादसे हो रहे हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कान में तेल डालकर सो रही हैं। पार्टी ने हादसे के लिए जिम्मेदार व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई है।

मुख्यमंत्री ने AE-JE को किया सस्पेंड

वहीं, चावड़ी बाजार हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इलाके के असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही निर्माण कार्य की जांच कराने और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हादसे में दो लोगों की मौत, कई घायल

गुरुवार सुबह चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हुए। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग, पुलिस, NDRF और अन्य राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया।

अवैध निर्माण को लेकर भी उठे सवाल

पुलिस के अनुसार, इमारत में निर्माण कार्य अवैध रूप से किया जा रहा था। हादसे के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

फिलहाल हादसे की जांच जारी है। एक ओर सरकार ने संबंधित इंजीनियरों को निलंबित कर कार्रवाई शुरू की है, वहीं दूसरी ओर AAP ने इस घटना को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि इमारत के निर्माण में किन नियमों की अनदेखी हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।