×

यूक्रेन से MBBS कर लौटे डॉक्टर ने नर्स से किया रेप, सेमिनार के बहाने सोनीपत से लाया था दिल्ली
 

 

दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एक डॉक्टर पर सोनीपत की रहने वाली नर्स के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में आरोपी डॉक्टर मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी ने नर्स को दिल्ली में आयोजित होने वाले एक सेमिनार में शामिल होने के बहाने अपने साथ बुलाया था। इसके बाद कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है और सोनीपत के एक बड़े अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती है। आरोपी डॉक्टर भी इसी अस्पताल में महीने के कुछ दिनों के लिए सेवाएं देने जाता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्तमान में दिल्ली के संजय गांधी अस्पताल में अस्थायी तौर पर तैनात था और अन्य अस्पतालों में भी विजिट करता था।

सेमिनार के बहाने दिल्ली लाने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डॉक्टर ने नर्स को दिल्ली में होने वाले एक सेमिनार में हिस्सा लेने के लिए अपने साथ चलने को कहा था। नर्स उसके साथ दिल्ली आई। आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने उसे नशीली ड्रिंक पिलाई, जिससे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गई। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और उसने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने के बाद मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।

यूक्रेन से की है MBBS की पढ़ाई

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर ने यूक्रेन के एक कॉलेज से MBBS की पढ़ाई पूरी की है। भारत लौटने के बाद वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों से जुड़ा। इसी दौरान वह सोनीपत के अस्पताल में भी विजिट करता था, जहां उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई थी।

मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज होगा बयान

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जाने हैं। जांच के दौरान पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों, आरोपी और पीड़िता के बीच संपर्क तथा घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

फिलहाल आरोपी डॉक्टर पुलिस की गिरफ्त में है। उस पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।