×

दिल्ली में 21 साल की युवती से बदसलूकी, बाइक सवार दो युवकों ने पीछा कर की अश्लील टिप्पणी; स्कूटी से गिराया

 

दिल्ली में घर लौट रही 21 वर्षीय युवती के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्कूटी से जा रही युवती का पीछा किया। दोनों ने रास्ते में कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां कीं और युवती को परेशान किया। आरोपियों ने उसकी स्कूटी को धक्का देकर उसे सड़क पर गिरा दिया।

घटना के करीब 10 दिन बाद पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

बताया जा रहा है कि युवती घटना के समय स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के आसपास पहुंचने पर बाइक सवार दो युवक उसके पीछे लग गए। आरोप है कि दोनों लगातार उसका पीछा करते रहे और रास्ते में अश्लील टिप्पणियां करते रहे। युवती ने आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन दोनों युवकों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।

पीड़िता के अनुसार, कुछ दूरी पर आरोपियों ने उसकी स्कूटी को धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। घटना के बाद युवती ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। मेट्रो स्टेशन के आसपास और जिस रास्ते से युवती घर की ओर जा रही थी, वहां लगे कैमरों से आरोपियों की बाइक और उनके हुलिए की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

घटना के 10 दिन बाद एफआईआर दर्ज होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत मिलने और केस दर्ज होने के बीच देरी की वजह क्या रही। फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने पर है।

राजधानी में महिलाओं के साथ सड़क पर बदसलूकी और पीछा करने की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाती हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।