×

दिल्ली के पालम में भीषण आग से 9 की मौत, एक साल के बच्चे की जान बाल-बाल बची

 

देश की राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत की खबर ने पूरे इलाके को दहला दिया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद स्थिति इतनी भयावह हो गई कि लोग अपनी जान बचाने के लिए बालकनी से कूदने को मजबूर हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इमारत में घर और दुकान का एक ही एंट्री-एग्जिट था, जिससे आग लगने के बाद बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया।

हादसे के दौरान एक परिवार ने अपने छोटे बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए बालकनी से बाहर करने की कोशिश की, ताकि उसे सांस मिल सके। इसी दौरान बच्चा उनके हाथ से फिसलकर नीचे गिर गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि बच्चा इस हादसे में सुरक्षित बच गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे की उम्र करीब एक साल बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।