सूरजपुर में कबरा हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला, लोगों को सतर्क करने निकली थी पति और बेटे के साथ
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कबरा हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात हाथी ने 45 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। घटना के समय महिला अपने पति और बेटे के साथ गांव के लोगों को हाथी की मौजूदगी की जानकारी देने निकली थी। इसी दौरान वह हाथी के हमले की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, महिला को आसपास के लोगों को हाथी के खतरे से सतर्क करने के लिए परिवार के साथ निकली थी। इसी दौरान अचानक हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद कबरा हाथी सूरजपुर जिले से आगे बढ़कर सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित जंगल में पहुंच गया। हाथी की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए वन विभाग और स्थानीय प्रशासन सतर्क हैं।
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वन विभाग की टीम ड्रोन के माध्यम से हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
लगातार बढ़ते हाथी के खतरे के कारण आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। वन विभाग की टीम हाथी की निगरानी कर रही है, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।