बालोद में पानी की टंकी गिरने से दो महिलाओं की मौत, हादसे में घायल बच्ची की हालत गंभीर
ईंट बनाने के लिए बनी पानी की टंकी की दीवार महिलाओं पर गिर गई, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद महिलाओं को दल्ली राजहरा के संजीवनी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इलाज के बाद मासूम बच्ची को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बच्ची की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। यह घटना डौंडी थाना क्षेत्र के चिखली डैम के पास हुई। महिलाएं अपने परिवार के साथ ईंट भट्टे में काम करने आई थीं। मृतक महिलाएं बलौदा बाजार की रहने वाली बताई जा रही हैं।
ईंट भट्टे में काम करने आई महिलाएं नहाने के लिए पानी की टंकी के नीचे बैठी थीं, तभी दीवार गिरकर उन पर गिर गई। मृतक महिलाओं की पहचान 45 साल की चंद्रकला पत्नी निंद कुमार और 29 साल की आशा बारले पत्नी सूरज बारले के रूप में हुई है। दल्ली राजहरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।