×

बीजापुर में मुठभेड़, 8 लाख का इनामी नक्सली कन्ना ढेर – सीएम विष्णुदेव साय ने सुरक्षाबलों की सराहना की

 

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। नेशनल पार्क इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान 8 लाख रुपए के इनामी नक्सली और पीएलजीए बटालियन के डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना को मार गिराया गया है।

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा,
"बस्तर के बीजापुर में माओवादियों के पीएलजीए बटालियन के 8 लाख के इनामी डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना को न्यूट्रलाइज किया जाना, हमारे सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, अदम्य साहस और जनसहभागिता का जीवंत उदाहरण है।"

बताया जा रहा है कि कन्ना कई नक्सली वारदातों में शामिल था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों को उसकी तलाश थी। सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया था, जिसमें यह सफलता मिली।

इस मुठभेड़ को बस्तर क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ जारी अभियान के लिए एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है।

प्रदेश सरकार और प्रशासन ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे माओवाद के खिलाफ लड़ाई में एक निर्णायक कदम बताया है।