रायगढ़ के अटल रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी को पीटकर किया बेहोश; अश्लील वीडियो बनाकर दी वायरल करने की धमकी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। युवती अपने प्रेमी के साथ बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन घूमने गई थी। इसी दौरान दो युवकों ने पहले उसके प्रेमी के साथ मारपीट की और उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी।
ट्रेन लेट होने पर गार्डन घूमने पहुंचे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर की है। युवती अपने पुरुष मित्र के साथ मोटरसाइकिल से सक्ती रेलवे स्टेशन जा रही थी। ट्रेन आने में देरी होने के कारण दोनों कुछ समय बिताने के लिए बोतल्दा के अटल रॉक गार्डन पहुंच गए। वहां सीढ़ियां चढ़ते समय दो युवक उनके पास पहुंचे और धमकाकर रुपये छीनने लगे।
प्रेमी को डंडे से पीटा, युवती से की दरिंदगी
आरोप है कि दोनों युवकों ने युवती से 1200 रुपये और उसके प्रेमी से 10 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद उन्होंने युवक पर डंडे से हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया। फिर युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल
वारदात के बाद आरोपियों ने युवती को वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी और किसी को घटना बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वीडियो के जरिए युवती और उसके प्रेमी से पैसे भी वसूले।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पीड़िता ने 15 नवंबर को खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तीन टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने बोतल्दा निवासी राहुल पटेल (21) और फनेश्वर पटेल (20) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, डंडा और नकदी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।