छत्तीसगढ़ जाने वाले थे CEC ज्ञानेश कुमार, अचानक टला 2 दिन का दौरा; जानें क्या है वजह
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। उनका यह दौरा 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित था। इस दौरान वह दंतेवाड़ा, बस्तर और कवर्धा के कई प्रमुख स्थानों पर जाने वाले थे। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में दौरा टलने की वजह ‘अपरिहार्य कारण’ बताई गई है। हालांकि, अभी तक दौरे की नई तारीख तय नहीं की गई है।
कहां-कहां जाने वाले थे ज्ञानेश कुमार
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी छत्तीसगढ़ के दौरे पर जाने वाले थे। कार्यक्रम में दंतेवाड़ा स्थित प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात और कवर्धा जिले का भोरमदेव मंदिर शामिल था।
दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी थीं। ज्ञानेश कुमार को दौरे की अवधि के लिए राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया था। रायपुर प्रशासन, पुलिस और एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों को प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए थे। दौरा स्थगित होने के बाद फिलहाल इन तैयारियों पर रोक लग गई है।
चुनाव आयोग ने क्या बताया?
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का दौरा ‘अपरिहार्य कारणों’ से स्थगित किया गया है। साथ ही कहा गया है कि संशोधित कार्यक्रम की जानकारी चुनाव आयोग से मिलने के बाद अलग से साझा की जाएगी।
यानी आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि आखिर वह कौन सा कारण है, जिसके चलते अंतिम समय में दो दिन का दौरा टालना पड़ा। हालांकि, यह फैसला ऐसे समय हुआ है जब दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
दिल्ली में चल रहा है विरोध प्रदर्शन
ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा ऐसे समय स्थगित हुआ है जब विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। 6 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका और कुछ नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
हालांकि, इन घटनाओं और छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित होने के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव आयोग की ओर से फिलहाल केवल अपरिहार्य कारणों का उल्लेख किया गया है।
पहले भी टल चुके हैं कई दौरे
ज्ञानेश कुमार के इससे पहले उत्तर प्रदेश, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के प्रस्तावित कार्यक्रम भी स्थगित किए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ दौरा भी अब इसी सूची में शामिल हो गया है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि चुनाव आयोग उनके छत्तीसगढ़ दौरे की नई तारीख कब घोषित करता है।