×

छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत, नदी में बहने से 3 बच्चों की मौत; बिजली गिरने से दंपती ने गंवाई जान

 

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बलरामपुर से बारिश और तेज बहाव से जुड़े दर्दनाक हादसे सामने आए हैं। बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए, जिससे तीनों की मौत हो गई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की जान चली गई। दूसरी ओर बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश जारी है।

घोंघा नदी में बह गए तीन बच्चे

बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में यह हादसा शनिवार को हुआ। ग्राम समडील निवासी दो बहनें रिद्धी और सिद्धी स्कूल गई थीं। शाम को छुट्टी के बाद उनका सात वर्षीय भाई अनमोल उन्हें लेने पहुंचा था। घर लौटते समय तीनों पुल से जाने के बजाय घोंघा नदी के रास्ते से निकलने लगे।

नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव ने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। अनमोल साइकिल को नियंत्रित नहीं कर सका और उसके साथ दोनों बहनें भी पानी में बह गईं। बाद में तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है।

बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के कटरा ढपनीपानी गांव में भी बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ। यहां मंगल सिंह और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई घर पर मौजूद थे। इसी दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच उनके मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई।

बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर आंगन में बेहोश हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

कन्हर नदी में बहा युवक, तलाश जारी

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में रविवार सुबह एक युवक कन्हर नदी के तेज बहाव में बह गया। बताया गया कि युवक झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था और नदी पर बने एनीकट को पार करने की कोशिश कर रहा था। उस समय एनीकट के ऊपर से पानी का तेज बहाव चल रहा था।

इसी दौरान युवक पानी की चपेट में आकर बह गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

अगले दिनों में भी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को बारिश के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि तेज बहाव वाले रास्तों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं।