×

गोल्डी बराड़ का बड़ा दावा, ऑडियो में निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात; अर्श डाला को लेकर भी किया जिक्र

 

कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से एक कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें गोल्डी बराड़ कथित तौर पर निज्जर की हत्या करवाने की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में वह आतंकी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा से बातचीत करते हुए हत्या के पीछे की वजह और उस समय की घटनाओं का जिक्र करता है। हालांकि, सामने आए ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कथित ऑडियो में गोल्डी बराड़ का दावा है कि निज्जर को इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि उसके भाई की हत्या के बाद सुक्खा दुनेके और अर्श डाला जैसे लोग निज्जर की कोठी में रह रहे थे। बराड़ के अनुसार, उसे इस बात का गुस्सा था कि जिन ठिकानों पर बैठकर उसके भाइयों की हत्या की साजिश रची गई, वे उन्हीं लोगों से जुड़े थे।

निज्जर की कोठी को लेकर किया दावा

कथित बातचीत में गोल्डी बराड़ कहता है कि जिन कोठियों में बैठकर उसके भाइयों को मरवाया गया, वे उन्हीं लोगों की थीं। इसी वजह से उसके भीतर निज्जर के खिलाफ गुस्सा था। ऑडियो में वह कथित तौर पर कहता है कि वह निज्जर को छोड़ नहीं सकता था।

बराड़ ने बातचीत में यह भी कहा कि उसने धार्मिक स्थल की मर्यादा का ध्यान रखा और अंदर गोली चलाने से परहेज किया। उसके मुताबिक, अगर अंदर गोली चलानी होती या किसी तरह की बदतमीजी करनी होती तो अर्श डाला को भी वहीं मार दिया जाता।

गेट के बाहर आने तक किया इंतजार

कथित ऑडियो में बराड़ का दावा है कि उसने धार्मिक स्थल की मर्यादा के कारण संयम रखा और निज्जर के बाहर आने का इंतजार किया। उसने कहा कि वह चाहता था कि कार्रवाई धार्मिक स्थल के अंदर न हो और इसी वजह से गेट के बाहर आने तक इंतजार किया गया।

बराड़ ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उसे लगा था कि अर्श डाला भी निज्जर के साथ गाड़ी में मौजूद है। बाद में उसे पता चला कि अर्श डाला वहां नहीं था। ऑडियो में वह इसे अपनी गलती बताते हुए कथित तौर पर कहता है कि अगर उस समय अर्श डाला को भी मार दिया गया होता तो उसे बार-बार सफाई देने की जरूरत नहीं पड़ती।

निज्जर हत्याकांड पर पहले से विवाद

हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में भी तनाव बढ़ा था। कनाडा की ओर से मामले की जांच में भारत से जुड़े आरोप लगाए गए थे, जबकि भारत ने इन आरोपों को खारिज किया था।

अब गोल्डी बराड़ के नाम से सामने आए कथित ऑडियो ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। ऑडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होने के कारण इसकी प्रमाणिकता को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है।

कथित बातचीत में बराड़ ने निज्जर को निशाना बनाए जाने के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी और अपने करीबियों की हत्या से जुड़ा बदला लेने का दावा किया है। साथ ही उसने अर्श डाला को उस समय निशाना नहीं बनाए जाने को अपनी गलती बताया है। फिलहाल इस ऑडियो की सत्यता और इसके स्रोत की जांच महत्वपूर्ण होगी।