वैशाली में देवर ने गर्भवती भाभी की हत्या की, खुद ही दी पुलिस को सूचना; जांच में जुटी पुलिस
बिहार के वैशाली जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पड़ोसी देवर ने अपनी गर्भवती भाभी की गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
यह मामला मौना बिशनपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां मृतका राधा कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी देवर साहिल पटेल ने वारदात को अंजाम दिया और बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही घटना की सूचना भी दी।
सूत्रों के अनुसार, मृतका का पति बाहर काम करता है, इसी का फायदा उठाकर यह वारदात अंजाम दिए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।