11 हजार वोल्ट के करंट से मजदूर की मौत, बारिश के दौरान हुआ हादसा
दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सनकन्हैय गांव में मंगलवार को 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुनौनी गांव निवासी चंदन शर्मा के 35 वर्षीय बेटे रंजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत सनकन्हैय गांव में एक निर्माणाधीन मकान में सेंट्रिंग का काम करने गए थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे काम खत्म कर वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश होने लगी। रास्ते में 11 हजार वोल्ट के पोल में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, बाद में परिजन उन्हें बिरौल अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रंजीत को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अस्पताल में समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने का आरोप भी लगाया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।