×

हनीट्रैप केस में जेल जा चुकी महिला बनी जनसुराज की नेता, अब लूट के आरोप में फिर चर्चा में

 

बिहार में उभरती नई राजनीतिक पार्टी जनसुराज में हाल ही में शामिल हुई एक महिला नेता अपने आपराधिक अतीत के कारण फिर सुर्खियों में आ गई है। बताया जा रहा है कि कोचधामन विधानसभा क्षेत्र से पार्टी की महिला प्रभारी रोशनी खातून एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं।

करीब दो महीने पहले जनसुराज पार्टी की सदस्यता लेने वाली रोशनी खातून को पार्टी ने विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी दी थी। पार्टी में शामिल होने के बाद वह अकड़ के साथ इलाके में अपनी कार से घूमती नजर आती थीं। लेकिन अब उसके खिलाफ एक सब्जी लोडिंग वाहन को जबरन रुकवाकर लूटने का गंभीर आरोप सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, रोशनी खातून पहले भी हनीट्रैप के एक मामले में जेल जा चुकी हैं। उस समय पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी, लेकिन अब एक बार फिर उसके खिलाफ अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप लगे हैं।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक सब्जी से भरी लोडिंग गाड़ी को उसने जबरन रुकवाया और उस पर लदे सामान को लूट लिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कर ली गई है। इस घटना ने जनसुराज पार्टी की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।