☰
×

कौन हैं पप्पू सलमान, जिनके एक बुलावे पर 400 किलोमीटर दूर प्रयागराज पहुंच गए अनंत सिंह? घोड़ों के शौक ने कराई थी 30 साल पुरानी दोस्ती

 

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी एक खास यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। वह अपने पुराने दोस्त के बुलावे पर पटना से करीब 400 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंचे। खास बात यह है कि अनंत सिंह अपने दोस्त के बेटे के शादी समारोह में शामिल होने के लिए कारों के काफिले के साथ निकले। रास्ते में कई जगह उनका स्वागत भी किया गया। इस दोस्त का नाम है पप्पू सलमान। अनंत सिंह और पप्पू सलमान की दोस्ती करीब तीन दशक पुरानी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पप्पू सलमान कौन हैं और उनका अनंत सिंह से ऐसा क्या रिश्ता है कि वह इतनी लंबी दूरी तय करके प्रयागराज पहुंच गए?

कौन हैं पप्पू सलमान?

पप्पू सलमान का असली नाम सलमान अहमद है। उन्हें प्रयागराज में पप्पू मलावां के नाम से भी जाना जाता है। वह पेशे से किसान हैं और समाजवादी पार्टी (सपा) से पार्टी की स्थापना के समय से जुड़े हुए हैं। फिलहाल वह प्रयागराज गंगापार जिले में सपा के जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

पप्पू सलमान का प्रयागराज की राजनीति में भी संपर्क रहा है। वह समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता जवाहर यादव उर्फ जवाहर पंडित के करीबी माने जाते रहे हैं। हालांकि, पप्पू सलमान ने खुद कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। उनकी पहचान मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और अनंत सिंह के साथ पुरानी दोस्ती को लेकर है।

घोड़ों के शौक ने कराई थी पहली मुलाकात

अनंत सिंह और पप्पू सलमान की दोस्ती की कहानी काफी दिलचस्प है। दोनों के बीच दोस्ती की वजह राजनीति नहीं, बल्कि घोड़ों का साझा शौक है। बताया जाता है कि आरा के जय कुमार सिंह ने करीब 30 साल पहले दोनों की मुलाकात कराई थी।

उस समय दोनों को घोड़े पालने और घुड़दौड़ में काफी दिलचस्पी थी। इसी शौक के चलते दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह मुलाकात गहरी दोस्ती में बदल गई। खास बात यह है कि जब दोनों की दोस्ती हुई थी, तब पप्पू सलमान की शादी भी नहीं हुई थी।

आज भी दोनों का घोड़ों के प्रति लगाव बना हुआ है। पप्पू सलमान के पास करीब चार घोड़े हैं। इनमें एक घोड़े की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जाती है। वहीं, अनंत सिंह के अस्तबल में करीब 8 से 9 घोड़े हैं। उनका चर्चित घोड़ा लाडला यूपी और बिहार में कई घुड़दौड़ प्रतियोगिताएं जीत चुका है।

दोस्त के बेटे के वलीमे में शामिल होने पहुंचे अनंत सिंह

अनंत सिंह 6 नवंबर को पप्पू सलमान के बेटे एहराज के शादी समारोह में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे। एहराज का निकाह बहराइच में हुआ था। इसके बाद प्रयागराज में दावत-ए-वलीमा का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनंत सिंह पटना से सड़क मार्ग के जरिए निकले।

उनका काफिला रास्ते में कई स्थानों से गुजरा, जहां समर्थकों ने उनका स्वागत किया। प्रयागराज पहुंचने पर पप्पू सलमान ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह में उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया गया।

बेटी की शादी का निमंत्रण भी दिया

इस मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने अपने दोस्त पप्पू सलमान को अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का निमंत्रण भी दिया। शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। इस तरह दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक रिश्ते भी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

अनंत सिंह और पप्पू सलमान की यह दोस्ती बताती है कि उनके बीच संबंध केवल राजनीतिक पहचान तक सीमित नहीं हैं। घोड़ों के साझा शौक से शुरू हुआ यह रिश्ता करीब तीन दशक बाद भी कायम है।