×

पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, वीडियो में जाने मुख्यमंत्री आवास घेराव जा रहे छात्रों और पुलिस में झड़प

 

बिहार की राजधानी पटना में पेपर लीक मामले और रोजगार की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले छात्रों को पुलिस ने रास्ते में रोकने की कोशिश की। इस दौरान इनकम टैक्स गोलंबर के पास पुलिस और छात्रों के बीच हल्की झड़प भी हुई।

प्रदर्शनकारी छात्र परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि युवाओं की समस्याओं पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे छात्र

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/-QIAO-Ph6Sk?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/-QIAO-Ph6Sk/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। छात्रों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी शुरू कर दी और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

वाटर कैनन के सामने छात्रों का प्रदर्शन

वाटर कैनन चलने के बाद भी छात्रों का विरोध जारी रहा। कुछ छात्र वाटर कैनन के पानी के बीच खड़े होकर नारे लगाने लगे, जबकि कुछ छात्र सड़क पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर वहां से हटाने की कोशिश की।पुलिस का कहना था कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए छात्रों को निर्धारित स्थान से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी। वहीं, छात्रों ने इसे सरकार की ओर से आवाज दबाने की कोशिश बताया।

NSUI अध्यक्ष और कांग्रेस नेताओं ने भी किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी छात्रों के समर्थन में सड़क पर लेट गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्हें छात्रों के साथ बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार विरोधी नारे लगाते देखा गया।कांग्रेस नेताओं ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार पर युवाओं के मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

छात्रों ने सरकार से की कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने और लंबित भर्तियों को जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई।पटना में हुए इस प्रदर्शन के बाद राज्य में छात्र संगठनों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में छात्र आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।