×

बिहार के हर जिले में खुलेगा निगरानी थाना! भ्रष्टाचार पर सख्ती की तैयारी में सरकार

 

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बड़ा कदम उठाने जा रहा है। ब्यूरो राज्य के हर जिले में एक निगरानी थाना या आउटपोस्ट (ओपी) खोलने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। इस पहल का उद्देश्य निगरानी ब्यूरो की पहुंच को जिला स्तर तक मजबूत करना और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों  त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

हर जिले में मजबूत होगी निगरानी व्यवस्था

फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की इकाइयां सीमित स्थानों पर संचालित हो रही हैं, जिससे कई मामलों में कार्रवाई और जांच में समय लग जाता है। यदि हर जिले में निगरानी थाना या ओपी स्थापित होता है तो शिकायतों के निस्तारण, जांच और ट्रैप कार्रवाई में तेजी आएगी।

भ्रष्टाचार के मामलों पर रहेगी पैनी नजर

नई व्यवस्था लागू होने के बाद सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिलने से आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

जल्द विभाग को भेजा जाएगा प्रस्ताव

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से इस योजना का प्रस्ताव अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रस्ताव को जल्द ही संबंधित विभाग के पास भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के सभी जिलों में निगरानी थाना या ओपी स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

इस पहल को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जांच एजेंसियों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ-साथ भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का रास्ता भी आसान होगा।