'बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार' अभियान, तुषार गांधी पहुंचे पूर्णिया, महापुरुषों को किया नमन
‘बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार’ अभियान के तहत महात्मा गांधी के प्रपौत्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी सोमवार को पूर्णिया पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने लाइन बाजार स्थित महात्मा गांधी सेवा सदन से की, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद तुषार गांधी ने बाबा साहब अंबेडकर कल्याण छात्रावास, फणीश्वरनाथ रेणु छात्रावास और जयप्रकाश सेवा संस्थान का दौरा किया। उन्होंने इन सभी स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया।
पैदल मार्च से दिया बदलाव का संदेश
तुषार गांधी ने जयप्रकाश सेवा संस्थान से पैदल मार्च करते हुए शहर के कला भवन स्थित कार्यक्रम स्थल तक लोगों के साथ कूच किया। इस पदयात्रा के जरिए उन्होंने प्रदेश की जनता को बदलाव के लिए एकजुट होने का संदेश दिया।
सामाजिक न्याय और लोकतंत्र पर जोर
इस अभियान के दौरान तुषार गांधी ने कहा, "बिहार की भूमि हमेशा से क्रांति की जननी रही है। गांधी, अंबेडकर, जेपी और रेणु जैसे महान विचारकों की प्रेरणा से आज हमें फिर से सामाजिक न्याय, समता और लोकतंत्र की स्थापना के लिए एकजुट होना होगा।"
कार्यक्रम में जुटे सामाजिक कार्यकर्ता
कला भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बिहार में नई सोच, नई दिशा और नई सरकार की आवश्यकता पर बल दिया।