आरा-अरवल मार्ग पर तीन बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौके पर मौत; तीन लोग गंभीर घायल
बिहार के भोजपुर जिले में आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहार थाना क्षेत्र के अनुआं गांव के समीप तीन मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक पर सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सहार थाना क्षेत्र के मिश्रीचक मोड़ के पास शाम करीब 4:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक वाहन से चकमा मिलने के बाद पहले दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हुई। इसके बाद सड़क पर फिसल रही एक बाइक से सामने से आ रही तीसरी मोटरसाइकिल भी टकरा गई। इस तरह तीनों बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।
एक युवक की मौके पर मौत
हादसे में अनुआं गांव निवासी 28 वर्षीय नागेंद्र सिंह चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने गांव लौट रहे थे। दुर्घटना में रविरंजन कुमार, भरत यादव और बालमुकुंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आरा और अरवल रेफर कर दिया गया।
छठ मनाने सूरत से घर आया था युवक
बताया जा रहा है कि नागेंद्र सिंह गुजरात के सूरत में रहकर काम करते थे और छठ पर्व मनाने के लिए अपने गांव आए हुए थे। वह पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी पचवां नारायणपुर गांव की संध्या देवी से हुई थी। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने अनुआं गांव के पास आरा-सहार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। मौके पर पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मृतक के आश्रितों को सहायता देने की मांग उठाई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू की।