☰
×

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के जज से कहा- बाहुबली मत बनिए: FIR दर्ज नहीं करने पर IPS को ठहराया था दोषी, लगाया था 1 रुपये का जुर्माना

 

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज को उनके कामकाज के तरीके पर कड़ी फटकार लगाई है। एक पुलिस अधीक्षक (SP) के खिलाफ अदालत की अवमानना के मामले में एक रुपये का जुर्माना लगाने पर शीर्ष अदालत ने सवाल उठाए। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने जज के वकील से कहा कि वे अपने मुवक्किल को समझाएं कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली बनने की कोशिश न करें।

यह मामला बिहार के रोहतास जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार से जुड़ा है। सासाराम में तैनात जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार ने 29 सितंबर 2026 को SP को अदालत के आदेश का पालन नहीं करने का दोषी ठहराते हुए एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया था। जज का आरोप था कि पुलिस अधीक्षक ने अदालत के निर्देश के बावजूद एक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज नहीं कराई थी।

झूठी गवाही के मामले से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला वर्ष 2023 में निपटाए गए एक आपराधिक केस से जुड़ा है। इस मामले में अदालत ने एक व्यक्ति पर झूठी गवाही देने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि तत्कालीन SP रोशन कुमार ने इस आदेश का पालन नहीं किया।

इसके बाद सेशन जज अनिल कुमार ने पुलिस अधीक्षक को अदालत में तलब किया और उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू कर दी। जज ने पुलिस अधिकारी को दोषी ठहराते हुए एक रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के प्रशिक्षण को लेकर भी टिप्पणी की थी।

हाईकोर्ट ने लगाई थी आदेश पर रोक

सेशन जज के इस फैसले को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। हाईकोर्ट ने 8 अक्टूबर को जज के आदेश पर रोक लगा दी थी। हाईकोर्ट ने इस पूरे घटनाक्रम को असामान्य बताते हुए संबंधित रिकॉर्ड और रिपोर्ट भी मांगी थी। इसके बाद जज ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

सुप्रीम कोर्ट ने अधिकार क्षेत्र पर उठाए सवाल

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि किसी अधिकारी को FIR दर्ज करने का निर्देश देना और उसका पालन नहीं करना, अदालत के सामने किए गए अपराध की श्रेणी में नहीं आता। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे।

जस्टिस बागची ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत के भीतर किसी को थप्पड़ मारता है, गाली देता है या अदालत के निर्देश के बावजूद बाहर जाने से इनकार करता है, तो उसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है। लेकिन अदालत के बाहर किसी आदेश का पालन नहीं करना इस श्रेणी में नहीं आता। इसके लिए कानून में निर्धारित अलग प्रक्रिया अपनानी होती है।

पीठ ने जज की कानूनी समझ और उनके आक्रामक रवैये पर भी सवाल उठाए। अदालत ने उन्हें अपने अधिकार क्षेत्र की सीमाएं समझने और न्यायिक प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी। सुप्रीम कोर्ट ने जज की याचिका का निपटारा करते हुए पटना हाईकोर्ट से उनके स्पष्टीकरण और माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया।