जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, फुटेज में देंखे पैर में लगी गोली
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा हुआ था। इसी इलाके में दोनों छात्र घूमने गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल नंदन यादव को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में लाल गमछा पहने दिखाई दे रहा युवक नंदन यादव ही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उसकी पहचान मुख्य आरोपी के तौर पर की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए टीम ने मड़वा पहाड़ी के आसपास इलाके में घेराबंदी की थी। पुलिस की मौजूदगी का पता चलने के बाद नंदन वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान मुठभेड़ हुई और पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी। इसके बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया।इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जबकि तीन आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ADG लॉ एंड ऑर्डर सुहिता अनुपम ने बताया कि नंदन यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। उन्होंने बताया कि मामले में कुछ आरोपी नाबालिग भी हैं और पुलिस ने जमुई मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही वायरल वीडियो और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।