बिहार के 10 हजार से ज्यादा घाटों पर डूबते सूर्य को दिया पहला अर्घ्य, वीडियो में जाने छठ के लिए 50 लाख लोग लौटे घर, पटना में घाट सजाने गए 4 युवक पुनपुन नदी में डूबे
बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम प्रदेश के 10 हजार से ज्यादा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। गंगा, पुनपुन और अन्य नदियों के घाटों पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते ही व्रती पारंपरिक पूजा सामग्री और सूप में फल, ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद लेकर घाटों पर पहुंचे। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के गीत गूंजते रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पटना के घाट पर पहुंचे और छठ पूजा में शामिल हुए। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने घर पर ही पूजा-अर्चना की।
पटना में घाट सजाने गए चार युवक नदी में डूबे
छठ पूजा की खुशियों के बीच पटना के मिर्जापुर गांव में हादसा हो गया। यहां घाट की सजावट करने गए चार युवक पुनपुन नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तलाश अभियान शुरू किया। बचाव दल ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है। हादसे के बाद गांव में चिंता का माहौल है।
छठ मनाने बिहार लौटे 50 लाख लोग
छठ महापर्व के अवसर पर बिहार आने वाले लोगों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। अनुमान के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई समेत देश के बड़े शहरों और विदेशों से करीब 50 लाख लोग छठ मनाने अपने घर लौटे हैं। इनमें लगभग 40 लाख लोग ट्रेन से बिहार पहुंचे, जबकि करीब 10 लाख लोग हवाई जहाज, बस और निजी वाहनों से अपने गृह राज्य आए हैं।त्योहार के चलते रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लंबे समय से दूसरे शहरों में रह रहे लोग परिवार के साथ छठ मनाने के लिए अपने गांव और घर पहुंचे हैं।
शिक्षा मंत्री ने परिवार के साथ दिया अर्घ्य
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रविवार शाम अपने परिवार के साथ डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। इस वर्ष उनकी पत्नी पटना में रहकर ही छठ व्रत कर रही हैं। इसके लिए शिक्षा मंत्री के सरकारी आवास परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है।मंत्री के आवास पर छठ पूजा के लिए कृत्रिम तालाब बनाया गया है। इसे फूलों और मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रविवार शाम इसी तालाब के किनारे परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना की और सूर्य देव को अर्घ्य दिया।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा। शिक्षा मंत्री के आवास परिसर में बनाए गए कृत्रिम तालाब में भी सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी की गई है। पूरे बिहार में अंतिम दिन की पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।