पटना में SIR और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर छात्रों का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ी
बिहार की राजधानी पटना में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया। गांधी मैदान से लोकभवन की ओर निकले प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन घंटे तक विरोध जताया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की, लेकिन छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में अलग-अलग तरह के पोस्टर और बैनर लेकर चुनाव प्रक्रिया तथा मदाता सूची के मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की। पोस्टरों पर लिखे नारों ने लोगों का ध्यान खींचा। कुछ पोस्टरों में आंसू गैस की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए, जबकि अन्य में चुनाव आयोग और राजनीतिक नेताओं पर निशाना साधा गया।
पोस्टरों पर लिखे नारों से जताया विरोध
प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने साथ काले रंग समेत कई तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। एक पोस्टर पर सवालिया अंदाज में लिखा था, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ इसी तरह के संदेश दूसरे पोस्टरों पर भी नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने इन नारों के जरिए पुलिस की तैयारी और विरोध-प्रदर्शन के दौरान अपनाए जाने वाले तरीकों पर सवाल उठाए।कुछ पोस्टरों पर स्थानीय अंदाज में तीखे नारे लिखे गए थे। इनमें ‘तोहर कुर्सी उड़ा देब प्रोटेस्ट से’ जैसे शब्दों के जरिए विरोध जताया गया। छात्र करीब एक घंटे तक सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान प्रदर्शन का माहौल लगातार गर्म बना रहा।
‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे भी लगाए
प्रदर्शन में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर भी संदेश दिए गए। कुछ पोस्टरों में दो नेताओं के कार्टून के साथ वोटर लिस्ट और कानून में बदलाव जैसे मुद्दों को दिखाया गया था। पोस्टर के निचले हिस्से में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा लिखा था। इन नारों के जरिए प्रदर्शनकारियों ने चुनावी व्यवस्था को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
चाय की दुकान से देश चलाने तक पर तंज
प्रदर्शनकारियों ने कुछ पोस्टरों में चाय की दुकान और देश चलाने से जुड़ी बातों को जोड़कर राजनीतिक तंज भी कसा। एक पोस्टर में रोती हुई बिल्ली की तस्वीर के साथ संदेश दिया गया था। तस्वीरों, कार्टून और व्यंग्यात्मक नारों के इस्तेमाल से प्रदर्शन को अलग अंदाज देने की कोशिश की गई।
SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग
छात्रों के प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा SIR प्रक्रिया का विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग रहा। गांधी मैदान से लोकभवन तक जाने के दौरान पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया। बैरिकेडिंग टूटने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पोस्टरों और नारों के माध्यम से अपनी मांगें सामने रखीं। हालांकि, प्रदर्शन के बाद प्रशासन या चुनाव आयोग की ओर से इस मामले में किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।