बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती, वीडियो में देंखे मुख्यमंत्री ने डीएम-एसपी के साथ की उच्चस्तरीय बैठक
बिहार में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को अधिवेशन भवन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के डीएम और एसपी के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और प्रशासनिक जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया।मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि जनता में भरोसा कायम रहे।
सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी गंभीर अपराध में लापरवाही सामने आती है, तो प्रशासनिक स्तर पर भी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अपराधियों पर दबाव बनाए रखना और कानून का डर स्थापित करना बेहद जरूरी है।बैठक में मुख्यमंत्री ने उद्योग और निवेश से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में निवेशकों और उद्योगपतियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को नियमित रूप से निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने और जनता से जुड़े मामलों की निगरानी करने को कहा।
यह बैठक राज्य में हाल ही में हुई दो बड़ी आपराधिक घटनाओं और एक कथित पुलिस कार्रवाई के बाद बुलाई गई थी। इन घटनाओं के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चिंता जताई जा रही थी।सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बैठक में यह भी कहा कि प्रशासन को केवल प्रतिक्रिया देने के बजाय अपराध रोकने के लिए पहले से सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने जिलों में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने भी बैठक में अपने क्षेत्र की स्थिति और चुनौतियों की जानकारी दी। कई जिलों में बढ़ते अपराध और संसाधनों की कमी जैसे मुद्दे भी सामने आए।कुल मिलाकर, इस बैठक को राज्य सरकार की ओर से कानून-व्यवस्था को लेकर एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि बिहार में सुरक्षा व्यवस्थाको मजबूत करने के लिए हर स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएंगे और किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।