सुपौल में तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंदा, फुटेज में देंखे 5 की मौत; मंदिर के पास कीर्तन कर रहे थे लोग
बिहार के सुपौल में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना कटैया चौक के पास NH-327E के किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात कुछ लोग बजरंगबली मंदिर के पास सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद 6 लोगों को कुचलते हुए पास के एक गैराज में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ट्रैक्टर से बचने के दौरान हादसा होने की बात
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार चालक के सामने अचानक ट्रैक्टर आ गया था। ट्रैक्टर से बचने के लिए चालक ने स्टेयरिंग घुमाया, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे लोगों पर चढ़ गई।लोगों का दावा है कि कार की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे।
हादसे के बाद चालक और परिवार को दुकान में किया बंद
दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक, उसकी पत्नी और दो बच्चों को पकड़ लिया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से चालक के परिवार को पास की एक दुकान में ले जाकर शटर गिरा दिया और उन्हें अंदर बंद कर दिया।इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला और हादसे की जांच शुरू की।
सावन के झूलन के मौके पर जुटी थी भीड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, बजरंगबली मंदिर के पास हर मंगलवार शाम भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। मंगलवार को भी सावन के झूलन के अवसर पर मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से यह हादसा हो गया।हादसे में 5 लोगों की मौत के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।